हिसार वासियों को मिली सौगात, 30 करोड़ की लागत से शहर की ये सड़क बनेगी 6 लेन
Hisar News: हरियाणा के हिसार शहर के लिए बड़ी विकास परियोजना को मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के प्रयासों से लक्ष्मी बाई चौक से टाउन पार्क तक मौजूदा 4 लेन सड़क को 6 लेन में तब्दील करने की योजना को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति दे दी है।
इस परियोजना का उद्देश्य हिसार शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
30 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से होगा काम
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस परियोजना के लिए करीब 30.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। सड़क के 6 लेन होने के बाद इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और तेज हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिसार को आधुनिक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में शहर में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
व्यापार और विकास को मिलेगा बढ़ावा
नई सड़क परियोजना से केवल यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, निवेश और शहरी विकास को भी गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी और शहर की तस्वीर भी बदलेगी।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
रणबीर गंगवा ने परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिसार सहित पूरे राज्य में संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शहरों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
