home page

पेट्रोल-डीजल सस्ते होंगे? ईरान-अमेरिका समझौते से कच्चे तेल के दाम ओंधे मुँह गिरे

 | 
पेट्रोल-डीजल सस्ते होंगे? ईरान-अमेरिका समझौते से कच्चे तेल के दाम ओंधे मुँह गिरे

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के साथ समझौते और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने की घोषणा के बाद तेल बाजार में दबाव बढ़ गया।

इस खबर के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 3.5 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 83.48 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल WTI करीब 5 प्रतिशत गिरकर 80.61 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।

युद्ध के बाद बढ़े थे तेल के दाम

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में काफी तेजी आई थी। फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद ब्रेंट क्रूड एक समय करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।

तनाव से पहले कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी। पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी प्रभावित हुआ था। इस मार्ग से दुनिया का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल गुजरता है।

होर्मुज स्ट्रेट खुलने से बाजार को राहत

तेल कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की घोषणा मानी जा रही है। इसके खुलने से समुद्री व्यापार सामान्य होने की उम्मीद है और एशियाई देशों को खाड़ी क्षेत्र से तेल आयात में आसानी होगी।

इसके अलावा तेल उत्पादक देशों के संगठन OPEC की ओर से जुलाई से उत्पादन बढ़ाने के फैसले ने भी बाजार पर असर डाला है।

ट्रंप ने की समझौते की घोषणा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समझौते की जानकारी देते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को जल्द खोला जाएगा और अमेरिका की ओर से लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध भी हटाए जाएंगे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम ग़रीबाबादी ने भी समझौते की पुष्टि की है। हालांकि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष गालिबाफ की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Latest News

Trending

You May Like