Gold Rate Today: सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका, सरकार ने 6% से बढ़ाकर 15% की आयात ड्यूटी लागू की
Gold Price Today: केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी में बड़ा बदलाव किया है। अब इन धातुओं पर कुल आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले का असर सीधे सर्राफा बाजार पर दिखा और 13 मई को सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया।
10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.60 लाख रुपए तक पहुंच गया, जबकि 1 किलो चांदी लगभग 2.87 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गई। माना जा रहा है कि सरकार ने यह कदम विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करने और आयात घटाने के उद्देश्य से उठाया है। अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर अमेरिका-ईरान तनाव, को भी इसकी एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
सरकार ने सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इससे कुल प्रभावी टैक्स 15% हो गया है। गौरतलब है कि 2024 के बजट में आयात शुल्क को 15% से घटाकर 6% किया गया था, लेकिन अब फिर इसे बढ़ा दिया गया है।
टैक्स बढ़ने से क्या असर होगा?
सर्राफा कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि ज्यादा टैक्स लगने से तस्करी बढ़ने का खतरा भी बढ़ सकता है। पहले जब ड्यूटी घटाई गई थी, तब अवैध आयात में कमी देखने को मिली थी।
सरकार ने यह फैसला क्यों लिया?
भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। देश में मांग ज्यादा होने के कारण बड़ी मात्रा में सोना विदेशों से आयात करना पड़ता है। इसके बदले डॉलर में भुगतान किया जाता है। जब आयात ज्यादा बढ़ता है तो विदेशी मुद्रा भंडार और व्यापार घाटे पर दबाव बढ़ता है। सरकार इसी दबाव को कम करना चाहती है।
आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?
सोना और चांदी खरीदना महंगा हो जाएगा।
ज्वेलर्स और व्यापारी कम माल मंगा सकते हैं, जिससे बाजार में सप्लाई घट सकती है।
शादी और त्योहारों के सीजन में कीमतें और बढ़ने की संभावना रहेगी।
अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ सकता है?
विशेषज्ञों के अनुसार इस कदम से आयात कम हो सकता है, जिससे व्यापार घाटा नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही रुपए पर दबाव भी कुछ कम हो सकता है। हाल ही में रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था।
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के कार्यक्रमों में लोगों से एक साल तक सोना खरीदने से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देशहित में विदेशी मुद्रा बचाना जरूरी है और नागरिकों को इस दिशा में सहयोग करना चाहिए।
Sorce: bhaskar.com
