Gold Price: सोने चांदी की कीमतों में तीसरे दिन तगड़ी गिरावट, क्या होगें आगे के रुझान
Silver Gold Rates: सोने चांदी में तेजी का आलम हर रिकॉर्ड को तोड़ गया था. लेकिन पिछले कुछ दिनों में सोने चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का खेल लगातार बना हुआ है. पिछले तीन दिनों से लगातार सोने चांदी की कीमतों में गिरावट का दो जारी है.
Gold Price: देश के कीमती धातुओं के बाजार में इस सप्ताह कमजोरी का रुख जारी है। सोने के दाम जहां लगातार तीसरे दिन नीचे आए हैं, वहीं चांदी की कीमतों में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। निवेशकों और उपभोक्ताओं की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में इन दामों की दिशा क्या रहने वाली है और किन कारकों का इस पर प्रभाव पड़ रहा है।
सोने के दामों में लगातार तीसरे दिन गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 24 कैरेट सोने के दाम प्रति 10 ग्राम ₹10 घटकर और सस्ते हो गए। इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी ₹10 की गिरावट दर्ज की गई। पिछले तीन दिनों में कुल मिलाकर 24 कैरेट सोने के दामों में ₹890 और 22 कैरेट में ₹810 की गिरावट आ चुकी है। यह लगातार बनी कमजोरी बाजार में निवेशकों की सावधानी और अंतरराष्ट्रीय संकेतों की वजह से देखी जा रही है।
तीन दिन से चांदी में भी लगातार नरमी
चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी है। दिल्ली में एक किलो चांदी आज ₹100 सस्ती होकर ₹1,60,900 प्रति किलोग्राम पर आ गई। हालांकि इससे पहले एक दिन चांदी में ₹6000 प्रति किग्रा की बड़ी उछाल देखने को मिली थी, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में कुल ₹7100 की गिरावट बाजार में दर्ज की गई है। इससे पूर्व लगातार दो दिनों तक चांदी में ₹7000 की कमी देखी गई थी।
मुंबई और कोलकाता जैसे प्रमुख महानगरों में भी चांदी की कीमतें आज दिल्ली के समान स्तर पर रहीं। आमतौर पर अधिक दामों पर उपलब्ध रहने वाला चेन्नई भी आज समान भावों पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
देश के प्रमुख शहरों में सोने के ताज़ा भाव
| शहर | 22 कैरेट | 24 कैरेट |
| अहमदाबाद | ₹1,13,690 | ₹1,24,020 |
| पटना | ₹1,13,690 | ₹1,24,020 |
| चेन्नई | ₹1,14,590 | ₹1,25,010 |
| लखनऊ | ₹1,13,790 | ₹1,24,120 |
| दिल्ली | ₹1,13,790 | ₹1,24,120 |
| मुंबई | ₹1,13,640 | ₹1,23,970 |
| कोलकाता | ₹1,13,640 | ₹1,23,970 |
| जयपुर | ₹1,13,790 | ₹1,24,120 |
| बेंगलुरु | ₹1,13,640 | ₹1,23,970 |
| हैदराबाद | ₹1,13,640 | ₹1,23,970 |
क्यों फिसल रहे हैं सोने–चांदी के दाम?
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिलने वाले संकेतों के कारण घरेलू धातु बाजार पर दबाव बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी डॉलर की मजबूती, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों का कम होना और रोजगार डेटा का इंतजार इस गिरावट के प्रमुख कारण हैं।
मेटल्स फोकस के हर्षल बारोट के अनुसार
“फेड के रेट कट को लेकर मार्केट में अनिश्चितता बनी हुई है। फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि दिसंबर में दरों में कोई कटौती होगी। यही कारण है कि गोल्ड में तेजी का रुझान कमजोर पड़ा है। उन्होंने बताया कि यदि ब्याज दरों में कटौती नहीं होती, तो सोने में अगले कुछ समय में 2–5% की गिरावट और आ सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सोने ने करीब $3800 प्रति औंस पर मजबूत सपोर्ट बनाया हुआ है और अगले साल इसमें तेजी की संभावनाएं बनी रहेंगी। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि यदि घरेलू बाजार में सोने के दाम ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब आते हैं तो निवेशकों की खरीदारी एक बार फिर तेज हो सकती है।
टेक्निकल एनालिसिस क्या कहता है?
केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि पिछले एक महीने में सोने में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। महंगाई के वर्तमान आंकड़ों को देखते हुए दिसंबर में दरों में कटौती की संभावना कम है, जिससे सोने के दाम पर दबाव जारी रहेगा। टेक्निकली गोल्ड ₹1,23,500 पर बिकवाली का अवसर दे रहा है और यह ₹1,22,000 तक नीचे आ सकता है। उन्होंने सलाह दी कि निवेशक ₹1,24,200 का स्टॉपलॉस लगाने पर विचार कर सकते हैं, क्योंकि डॉलर की मजबूती भी सोने को नीचे धकेलने का काम कर रही है। कुल मिलाकर, मौजूदा आर्थिक माहौल और अमेरिकी मौद्रिक नीति से जुड़े संकेत आने वाले दिनों में सोने–चांदी की तेजी या गिरावट का रास्ता तय करेंगे। फिलहाल बाजार में दबाव का माहौल है, लेकिन लंबी अवधि को लेकर विशेषज्ञों की राय सकारात्मक बनी हुई है।
