UP News: झांसी-कानपुर हाईवे होगा फोरलेन से सिक्सलेन में तब्दील, यात्रियों को जाम से मिलेगा छुटकारा
Jhansi Kanpur highway: झांसी से कानपुर तक के नेशनल हाईवे-27 (NH-27) का फोरलेन मार्ग अब सिक्सलेन में तब्दील होने जा रहा है। बढ़ते वाहनों के दबाव और ट्रैफिक सुविधाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके बाद यात्रा का समय कम होगा और सफर और सुरक्षित व आरामदायक बन जाएगा।

UP News: झांसी से कानपुर तक नेशनल हाईवे-27 (NH-27) को सिक्सलेन बनाने की तैयारी जोरों पर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस हाईवे का सर्वे पूरा कर लिया है और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर सरकार को मंजूरी के लिए भेज दी है। हरी झंडी मिलने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।
यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना
झांसी-कानपुर हाईवे (NH-27) का निर्माण साल 2016 में हुआ था और वर्तमान में यह फोरलेन है। हालाँकि, लगातार बढ़ते ट्रैफिक लोड के कारण जाम की समस्या आम हो गई है। लंबे समय से इस हाईवे को सिक्सलेन करने की मांग उठ रही थी, जिसे अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अपनी योजना में शामिल कर लिया है। इस हाइवे पर बढ़ते ट्रैफिक लोड की वजह से यात्रियों को हर दिन यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लेकिन यह सिक्स लेन बनने के बाद यात्रियों की इस समस्या का समाधान हो जाएगा.
हाईवे का निर्माण कार्य तुरंत शुरू होगा
झांसी-कानपुर हाईवे को अब सिक्सलेन बनाने की योजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसका डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद हाईवे का निर्माण कार्य तुरंत शुरू होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि सिक्सलेन हाईवे बनने के बाद झांसी और कानपुर के बीच यात्रा का समय आधा हो जाएगा और लंबी दूरी की सड़क यात्रा अब और भी सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी।
वर्तमान में यह फोरलेन हाईवे करीब 21.5 मीटर चौड़ा है। सिक्सलेन बनने के बाद इसकी चौड़ाई 32.5 मीटर हो जाएगी, जिससे ट्रैफिक की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नए हाईवे पर आधुनिक फ्लाईओवर, कैमरायुक्त निगरानी और सड़क सुरक्षा सुविधाओं का भी इंतजाम किया जाएगा, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।