हरियाणा रोडवेज यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, यहां बनेगा 12 करोड़ से नया बस स्टैंड
Hindi News Line, Haryana: हरियाणा में बस यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी जिले के सिवानी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव कार्यक्रम के दौरान लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इन घोषणाओं में परिवहन, सड़क, बिजली, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
12 करोड़ से बनेगा नया बस स्टैंड
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोहारू विधानसभा क्षेत्र के बहल में 12 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से नया बस स्टैंड बनाने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और बस सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
7 गांवों में लागू होगी जगमग योजना
मुख्यमंत्री ने गांव गुरेरा, किकराल, नलोई, देवसर, ढाणी रामजस, ढाणी किशनलाल और ढाणी मिठ्ठी में जगमग योजना लागू करने की घोषणा की। इस योजना पर करीब 3 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बनेगा कम्युनिटी सेंटर
लोहारू शहर में 6 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा। वहीं सिवानी के राजकीय महाविद्यालय में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से मल्टीपरपज हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।
सिंचाई व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने सिवानी सिंचाई मंडल की मंढोली डिस्ट्रीब्यूटरी, शहरयारपुर और खरकड़ी माइनर की 4 करोड़ रुपये की लागत से रीमॉडलिंग करवाने की घोषणा की।
इसके अलावा लोहारू सिंचाई मंडल में कासनी, झांझड़ा, बहल, पातवान, सौरा और बड़दु चैना माइनर की रीमॉडलिंग के लिए 8 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़कों की होगी मरम्मत
लोहारू विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण एवं सड़क निर्माण विभाग की 391.25 किलोमीटर लंबाई वाली 120 सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
इसके साथ ही मार्केटिंग बोर्ड की 141.68 किलोमीटर लंबी सड़कों की भी मरम्मत करवाई जाएगी।
सिवानी में ओवरब्रिज और स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा
मुख्यमंत्री ने सिवानी में किकराल रोड हाईवे बाईपास और ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा सिवानी नागरिक अस्पताल में 4 करोड़ रुपये की लागत से पोस्टमार्टम सुविधा शुरू की जाएगी।
अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने सिवानी नगर पालिका के नए भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही लोहारू विधानसभा क्षेत्र के खेतों के 25 किलोमीटर रास्तों को पक्का करने की बात कही।
पूर्व मंत्री जेपी दलाल की मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहल को उपमंडल बनाने और सिवानी को हिसार में शामिल करने की मांग पर आगामी समय में उचित कार्रवाई की जाएगी।
