हरियाणा में खेतों के रास्तों को पक्का किया जाएगा, 36 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी जिले के सिवानी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव कार्यक्रम के दौरान लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की। ये घोषणाएं पूर्व मंत्री जेपी दलाल द्वारा रखी गई मांगों के आधार पर की गई हैं। सरकार की ओर से क्षेत्र में बिजली, सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
गांवों में जगमग योजना का विस्तार
मुख्यमंत्री ने गांव गुरेरा, किकराल, नलोई, देवसर, ढाणी रामजस, ढाणी किशनलाल और ढाणी मिठ्ठी में जगमग योजना लागू करने की घोषणा की। इस योजना पर करीब 3 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
लोहारू में बनेगा कम्युनिटी सेंटर
लोहारू शहर में 6 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा सिवानी के राजकीय महाविद्यालय में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से मल्टीपरपज हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।
सिंचाई व्यवस्था को मिलेगा मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने सिवानी सिंचाई मंडल की मंढोली डिस्ट्रीब्यूटरी, शहरयारपुर और खरकड़ी माइनर की करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से रीमॉडलिंग करवाने की घोषणा की।
वहीं लोहारू सिंचाई मंडल में कासनी, झांझड़ा, बहल, पातवान, सौरा और बड़दु चैना माइनर की रीमॉडलिंग के लिए 8 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क और परिवहन सुविधाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने किकराल रोड हाईवे बाईपास और सिवानी में ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा 12 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बहल बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा।
सिवानी में नगर पालिका के नए भवन का भी निर्माण किया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं में होगा विस्तार
सिवानी नागरिक अस्पताल में 4 करोड़ रुपये की लागत से पोस्टमार्टम सुविधा शुरू की जाएगी। वहीं सिवानी में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मेडिकल सुविधा भी शुरू करने की घोषणा की गई।
391 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों की होगी मरम्मत
लोहारू विधानसभा क्षेत्र में सड़क तंत्र को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण एवं सड़क निर्माण विभाग की 391.25 किलोमीटर लंबाई वाली 120 सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
इसके अलावा मार्केटिंग बोर्ड की 141.68 किलोमीटर लंबी सड़कों की भी मरम्मत करवाई जाएगी।
खेतों के रास्ते होंगे पक्के
मुख्यमंत्री ने लोहारू विधानसभा क्षेत्र के खेतों के 25 किलोमीटर रास्तों को पक्का करने की घोषणा की।
बहल को उपमंडल बनाने की मांग पर विचार
पूर्व मंत्री जेपी दलाल द्वारा बहल को उपमंडल बनाने और सिवानी को हिसार में शामिल करने की मांग पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस मामले में आगामी समय में उचित कार्रवाई की जाएगी।
