home page

हरियाणा के इन 2 जिलों के बीच बनेगा फोरलेन, हादसे और जाम से मिलेगी राहत, सफर होगा सुरक्षित

 | 
हरियाणा के इन 2 जिलों के बीच बनेगा फोरलेन, हादसे और जाम से मिलेगी राहत, सफर होगा सुरक्षित

Hindi News Line, Haryana: हरियाणा के लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के मेरठ से हरियाणा के सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी होते हुए राजस्थान के पिलानी तक जाने वाले नेशनल हाईवे-334B को अब फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है। झज्जर से दादरी तक हाईवे चौड़ा करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।

हाईवे फोरलेन बनने से हजारों वाहन चालकों को राहत

वर्तमान में NH-334B डबल लेन है, जिस पर रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की कम चौड़ाई के कारण कई बार जाम और हादसों की स्थिति बनती रहती है। फोरलेन बनने के बाद सफर ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा।

दादरी को मिलेगा नया बाईपास

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चरखी दादरी शहर को नया बाईपास मिलेगा। अभी झज्जर और गुरुग्राम की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। नया बाईपास बनने के बाद भारी वाहन शहर से बाहर निकल सकेंगे और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

इन गांवों से होकर गुजरेगा हाईवे

NH-334B जिले के इमलोटा, मोरवाला, अचीना, झींझर, लोहरवाड़ा, खातीवास, रावलधी, साहूवास, दादरी, चरखी, खेड़ी बुरा, पांडवान, बिरही खुर्द, खेड़ी बत्तर, बिरही कलां, मेहड़ा, बरसाना, अटेला कलां, अटेला खुर्द और बिलावल गांवों से होकर गुजरेगा।

भारी वाहनों की आवाजाही से मिलेगा फायदा

चरखी दादरी क्षेत्र में क्रशर जोन होने के कारण बड़ी संख्या में भारी वाहन निर्माण सामग्री लेकर एनसीआर समेत दूसरे इलाकों में जाते हैं। इन वाहनों की आवाजाही ज्यादातर NH-334B से होती है। हाईवे फोरलेन बनने के बाद परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और हादसों में कमी आने की उम्मीद है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि झज्जर से दादरी तक हाईवे को फोरलेन करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण पूरा कर परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे दादरी समेत आसपास के जिलों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

Latest News

Trending

You May Like