home page

हरियाणा में दुबई जैसा बुर्ज खलीफा बनाने की तैयारी, 6.7 एकड़ जमीन पर बनेगा गगनचुंबी टावर

 | 
हरियाणा में दुबई जैसा बुर्ज खलीफा बनाने की तैयारी, 6.7 एकड़ जमीन पर बनेगा गगनचुंबी टावर

Hindi News Line, Haryana: हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम अब वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाने की तैयारी में है। गुरुग्राम में बनने वाले हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट में एक ऐसी गगनचुंबी इमारत बनाने की योजना है, जो भारत की सबसे ऊंची बिल्डिंग बन सकती है।

जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में करीब 620 से 700 मीटर ऊंचा मिक्स्ड-यूज टावर प्रस्तावित है। यह इमारत ऊंचाई के मामले में दुबई की बुर्ज खलीफा (828 मीटर) को टक्कर देने की क्षमता रखेगी। अगर यह प्रोजेक्ट पूरा होता है तो गुरुग्राम दुनिया के बड़े बिजनेस हब में शामिल हो सकता है।

1000 एकड़ में विकसित होगा ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट

हरियाणा सरकार की एजेंसी HSIIDC इस प्रोजेक्ट को विकसित कर रही है। द्वारका एक्सप्रेसवे के पास करीब 1000 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस आधुनिक हब में बिजनेस, होटल, रिटेल, आवासीय सुविधाएं और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्रस्तावित टावर इस पूरे प्रोजेक्ट की पहचान बन सकता है। इसके जरिए गुरुग्राम को वैश्विक कंपनियों, निवेशकों और कारोबार के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

6.7 एकड़ जमीन पर बनेगा खास टावर

प्रस्तावित गगनचुंबी टावर करीब 6.7 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक ऑफिस स्पेस, रिहायशी सुविधाएं, होटल और अन्य कमर्शियल सुविधाएं शामिल हो सकती हैं।

सरकार इस प्रोजेक्ट के लिए निवेश आकर्षित करने और जमीन के पार्सल की नीलामी की तैयारी कर रही है।

गुरुग्राम को मिलेगी ग्लोबल पहचान

व्हाइटलैंड कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर स्ट्रेटजी सुदीप भट्ट के अनुसार, ग्लोबल सिटी सिर्फ एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं बल्कि भविष्य के शहरी विकास की नई सोच है।

उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ ऐसा शहरी इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा, जहां कारोबार, रोजगार, आवास और बेहतर जीवनशैली एक साथ विकसित हो सकें।

इस प्रोजेक्ट से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने के साथ-साथ हरियाणा में निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

Latest News

Trending

You May Like