हरियाणा में बसाए जाएंगे 5 नए आधुनिक शहर, 3 IMT भी स्थापित होगी
हरियाणा सरकार ने कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे को प्रदेश के भविष्य के विकास की नई धुरी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की योजना के तहत केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए आधुनिक शहर विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही तीन इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) भी स्थापित की जाएंगी।
प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि करीब 135 किलोमीटर लंबा KMP एक्सप्रेसवे हरियाणा के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 विजन को आगे बढ़ाने में मदद करेगी और आने वाले समय में एनसीआर की नई पहचान बन सकती है।
केएमपी के दोनों ओर विकसित होंगे नए शहर
वर्ष 2041 की संभावित आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सरकार ने केएमपी एक्सप्रेसवे के आसपास पांच नए आधुनिक शहर बसाने की योजना बनाई है।
इन शहरों के विकास के लिए पंचग्राम विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में इस परियोजना को लेकर चर्चा कर चुके हैं।
केएमपी के साथ बनेंगी 3 नई IMT
हरियाणा सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश में 10 नई इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इनमें से पांच IMT को मंजूरी मिल चुकी है और इनके विकास की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इन 10 IMT में से तीन IMT राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में KMP एक्सप्रेसवे के आसपास विकसित की जाएंगी। इससे यह क्षेत्र उद्योग और निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है।
रोजगार और सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि नए शहरों और IMT के विकास से हरियाणा में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही लोगों को आवास, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं अपने आसपास ही उपलब्ध हो सकेंगी।
इन परियोजनाओं से दिल्ली और एनसीआर पर बढ़ते जनसंख्या और ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
औद्योगिक विकास में आगे बढ़ेगा हरियाणा
राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा पहले कृषि क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुका है और अब औद्योगिक व तकनीकी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
गुरुग्राम आईटी और कॉर्पोरेट सेक्टर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। आने वाले समय में नई IMT और आधुनिक शहरों के विकास के साथ हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल हो सकता है।
