Rain Alert: हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की संभावना
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हालांकि आंधी और बारिश के बाद अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, लेकिन फिलहाल प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं बनने की बात मौसम विभाग ने कही है।
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में तेज हवा, आंधी, बिजली चमकने और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें:
महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।
इन इलाकों में मौसम खराब होने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
18 जून तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 19 और 20 जून को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन तारीखों में कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है।
तापमान बढ़ेगा, लेकिन लू से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी जरूर होगी, लेकिन अभी हरियाणा में लू यानी हीटवेव की स्थिति नहीं है। लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
